राष्ट्रीय
09-Mar-2026
...


-लोकसभा स्पीकर हटाने के प्रस्ताव पर आज चर्चा संभावित नई दिल्ली,(ईएमएस)। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज सोमवार सुबह शुरू हो गया। लोकसभा की कार्यवाही करीब 5 मिनट चली, जिसमें दिवंगत सदस्यों को श्रृदांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सदन दोपहर 12 बजे के लिए स्थगित कर दिया गया। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को हटाए जाने के विपक्ष के प्रस्ताव पर आज चर्चा होने की संभावना बनी है। इसके चलते सदन में जमकर हंगामे के आसार भी हैं। आज विपक्ष अमेरिका-इजराइल द्वारा संयुक्त रुप से किए गए ईरान पर हमले और उसके बाद से लगातार चल रहे युद्ध में ईरान के प्रति सरकार के रुख, रूस से तेल खरीदी पर अमेरिकी छूट और पश्चिम बंगाल में एसआईआर के नतीजे जैसे मामलों को उठा सकता है। आज दोनों सदनों में विदेश मंत्री एस जयशंकर अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग पर बयान देंगे। हालांकि बयान कब दिया जाएगा इसका इसका समय सामने नहीं आया है। बहरहाल लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा होने की संभावना है। यहां बताते चलें कि कांग्रेस समेत विपक्ष के 118 सांसदों द्वारा हस्ताक्षरित नोटिस 10 फरवरी को लोकसभा सचिवालय को सौंपा था। आरोप है कि स्पीकर सदन की कार्यवाही में निष्पक्षता नहीं बरत रहे और विपक्ष को बोलने का पर्याप्त मौका नहीं दे रहे हैं। हिदायत/ईएमएस 09मार्च26