राष्ट्रीय
09-Mar-2026
...


सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बजट सत्र और कई मुद्दों पर कसा तंज नई दिल्ली,(ईएमएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोमवार को संसद के बजट सत्र और कई अन्य मुद्दों को लेकर कहा कि अभी फ्लोर लीडर्स की बैठक होगी। इसके बाद तय होगा कि आगे कैसे बढ़ें। उन्होंने विदेश नीति पर तंज कसते हुए कहा कि हमारी जो विदेश नीति है, उसे मोदी सरकार ने गिरवी रख दिया है। जिस तरह से महंगाई बढ़ती जा रही है, आम आदमी का जीना दूभर हो रहा है। अखिलेश ने कहा कि बहुत से भारतीय खाड़ी क्षेत्र व पश्चिम एशिया में फंसे हैं और वह त्योहार तक नहीं मना पा रहे हैं। इन लोगों का वक्त कितना संकट में गुजर रहा होगा, आखिरकार भारत सरकार क्या कर रही है। उन्होंने कहा कि सुनने में आया है कि कई पत्रकार साथी जो पीएम मोदी के साथ गए थे पॉलिटिकल जर्नलिस्ट बनकर, वो वॉर जर्नलिस्ट बनकर लौट रहे हैं। ये मुद्दे भी अहम हैं और इन सभी मुद्दों पर बैठक होगी। बैठक में बहुत कुछ तय होगा। बता दें 8 मार्च को कांग्रेस के प्रभारी महासचिव डॉ. सैयद नसीर हुसैन ने कहा था कि कांग्रेस पार्लियामेंट्री स्ट्रेटेजी कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा था कि हमने इस बैठक में तय किया है कि बजट सत्र के दूसरे चरण में अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को उठाया जाएगा और पश्चिम एशिया में जारी संकट का हमारे देश पर क्या असर होगा, इस पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा था कि सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के चेंबर में विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई, जहां इन मुद्दों पर सभी के साथ चर्चा हुई। हम चाहते हैं इन सभी मुद्दों के साथ विदेश नीति और देश के अहम पहलुओं पर सदन में चर्चा हो। हमने जो अविश्वास प्रस्ताव लाया है, उस पर सभी विपक्षी दल स्पीकर के खिलाफ वोटिंग करेंगे। सिराज/ईएमएस 09मार्च26 --------------------------------