09-Mar-2026
...


वाराणसी (ईएमएस) । वाराणसी (आराजी लाइन) विकास खंड आराजी लाइन के ग्राम सभा परामपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत “जल अर्पण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गाँव के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण रहा जब प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने वाली पेयजल योजना ग्रामीणों को समर्पित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक सुनील पटेल ने जल अर्पण कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामवासियों को पेयजल योजना समर्पित करते हुए कहा कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाना है, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार होगा। इस अवसर पर जल संरक्षण के संदेश को बढ़ावा देते हुए पेयजल योजना के चारों ओर रक्षा सूत्र बांधा गया तथा समस्त ग्रामवासियों द्वारा जल बचाने, योजना के सफल संचालन और निगरानी के लिए जल संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में जल निगम के एक्सईएन आशीष सिंह,चीफ इंजीनियर जनार्दन सिंह तथा एल एंड टी (L&T) के सभी साथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन डीपीएमयू के चंद्रकांत सिंह जी ने किया। इस आयोजन को सफल बनाने में जन कल्याण समिति के प्रेम त्रिपाठी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और जल जीवन मिशन के तहत गाँव में शुद्ध पेयजल मिलने पर खुशी व्यक्त की। डॉ नरसिंह राम /09 मार्च2026