- पार्षद अविनाश सिंह ने कलेक्टर कुणाल दुदावत को सौंपा ज्ञापन कोरबा (ईएमएस) कोरबा-पश्चिम नगर पालिका परिषद दीपका के गुरुनानक वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद अविनाश सिंह ने पाली रोड स्थित संचालित देशी-विदेशी मदिरा दुकान को बंद किए जाने की मांग को लेकर कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राकेश राठौर को ज्ञापन सौंपकर बंद करने की मांग किया है। पार्षद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि दीपका के मुख्य मार्ग पाली रोड घनी आबादी में संचालित मदिरा दुकान के कारण आम नागरिकों, विशेषकर विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पाली रोड स्थित शराब दुकान के सामने आए दिन नशेड़ियों के बीच गाली-गलौज और वाद-विवाद की स्थिति बनी रहती है। कई बार आपसी विवाद आम जनता के बीच तक पहुंच जाता है, जिससे सड़क पर तनावपूर्ण माहौल बनता है। इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों एवं राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अविनाश सिंह ने बताया कि इससे पूर्व भी मदिरा दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के संबंध में आबकारी विभाग से पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन एवं संबंधित विभाग इस मामले में शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाते हैं, तो वार्डवासियों के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।