ब्यावरा (ईएमएस)l आगरा-मुंबई और जयपुर–जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के संगम स्थल ब्यावरा का राजगढ़ चौराहा जिले में तीन दिशाओं में जाने वाला प्रमुख मार्ग है। ब्यावरा से इंदौर, भोपाल, कोटा और गुना सहित विभिन्न शहरों के लिए यात्री परिवहन का यह प्रमुख केंद्र माना जाता है। एक दिशा से दूसरी दिशा में जाने वाले यात्री अक्सर इसी चौराहे पर उतरकर आगे के वाहन का इंतजार करते हैं। यही कारण है कि दिनभर यहां यात्रियों और वाहनों की काफी भीड़भाड़ बनी रहती है। इतनी व्यस्तता के बावजूद राजगढ़ चौराहे पर अब तक व्यवस्थित सुविधा-घर (सार्वजनिक शौचालय) की व्यवस्था नहीं है। इसके कारण दूर-दराज से यात्रा कर यहां उतरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं को होती है। सुविधा-घर नहीं होने से उन्हें असुविधा के साथ ही शर्मिंदगी भी झेलनी पड़ती है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि राजगढ़ चौराहा शहर से सटा होने के बावजूद ब्यावरा नगरपालिका क्षेत्र में शामिल नहीं है। बताया गया कि यह इलाका पास की एक ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता है। इसी कारण लंबे समय से मांग होने के बावजूद नगरपालिका यहां सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण नहीं कर पा रही है। हालांकि लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए अब नगरपालिका अध्यक्ष ने यहां अस्थायी व्यवस्था करने की बात कही है।नगर पालिका अध्यक्ष लीला देवी कुशवाह का कहना है कि यह सही है कि शहर के नजदीक स्थित राजगढ़ चौराहे पर दिनभर लोगों की भीड़भाड़ रहती है। चौराहा नगरपालिका क्षेत्र से बाहर होने के कारण यहां स्थायी कॉम्प्लेक्स का निर्माण संभव नहीं है। फिर भी लोगों की सुविधा और शहर के प्रवेश मार्ग की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए जल्द ही यहां एक अस्थायी यूरिनल बॉक्स रखवाया जाएगा। -निखिल/ब्यावरा/10/3/2026