राज्य
10-Mar-2026
...


- कई जिलों में हीटवेव का खतरा; 41 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा - अहमदाबाद-गांधीनगर समेत कई शहरों में यलो अलर्ट जारी, स्वास्थ्य विभाग ने दोपहर में बाहर न निकलने की दी सलाह अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में गर्मी की शुरुआत के साथ ही कड़ी धूप और झुलसा देने वाली गर्मी का असर महसूस होने लगा है। राज्य में एक बार फिर हीटवेव की स्थिति बनने लगी है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार राज्य के कई जिलों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कई इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर गुजरात के कच्छ, बनासकांठा, पाटण और महेसाणा जिलों में हीटवेव का ज्यादा प्रभाव देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं सौराष्ट्र क्षेत्र के सुरेंद्रनगर, राजकोट, बोटाद, मोरबी और पोरबंदर में भी तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा जूनागढ़, अमरेली और भावनगर जिलों में भी लू जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने मध्य और दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में भी तेज गर्मी की चेतावनी दी है। राज्य के प्रमुख शहरों में शामिल अहमदाबाद और गांधीनगर के साथ-साथ भरूच, वडोदरा और सूरत में भी तापमान बढ़ने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने की अपील की गई है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को गर्मी से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिसका असर खेती और पशुपालन पर भी पड़ने की आशंका है। सतीश/10 मार्च