बिलासपुर (ईएमएस)। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबद्ध उषा देवी मेमोरियल कॉलेज, सकरी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा बी प्रमाण पत्र परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस परीक्षा में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों, उद्देश्यों तथा समाजसेवा से जुड़े अपने अनुभवों को प्रस्तुत किया।परीक्षा के लिए बाह्य परीक्षक के रूप में संजय कुर्रे, कार्यक्रम अधिकारी, शासकीय नवीन महाविद्यालय सकरी उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों से राष्ट्रीय सेवा योजना की विभिन्न गतिविधियों, विशेष शिविर, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े प्रश्न पूछकर उनका मूल्यांकन किया।इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुलाक्षणा वासनिक ने स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, समर्पण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है तथा उन्हें समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने के लिए प्रेरित करती है।कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रीना ताम्रकार के मार्गदर्शन में एनएसएस के स्वयंसेवक लगातार सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समाज सेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। मनोज राज 10 मार्च 2026