साहिबगंज,(ईएमएस)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शोभनपुर डेरा के समीप सोमवार रात शोभनपुर भट्टा निवासी रूपक कुमार उर्फ बादल (19) और तालबन्ना काली स्थान के पास रहने वाले सनोज यादव (20) की मौत हो गई। दोनों सोमवार की देर रात बाइक से महादेवगंज खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान सामने आ रहे वाहन की लाइट से आंख चौंधिया गई जिसके कारण बाइक चला रहे युवक ने संतुलन खो दिया और बाइक पीपल के पेड़ से टकरा गई जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के विरोध में मंगलवार सुबह लोगों ने सड़क को जाम कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरु कर दी है। सिराज/ईएमएस 10मार्च26