क्षेत्रीय
10-Mar-2026
...


- नारी शक्ति का हुआ सम्मान, समाज में महिलाओं की भूमिका पर हुई चर्चा बिलासपुर (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ विनोबानगर में नारी जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नारी जागरण जिला महिला प्रभारी आशा सुल्तानिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर नारी सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया।गायत्री परिवार के मीडिया प्रभारी द्वारिका प्रसाद पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात शकुंतला चौहान और उनकी टोली द्वारा नारी सम्मान पर आधारित प्रज्ञागीत प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी महिलाओं को भावविभोर कर दिया। वक्ताओं ने दिया नारी सशक्तिकरण का संदेश कार्यक्रम में चन्द्रवती वैश्य ने प्रेरणादायक उद्बोधन देते हुए महिलाओं को समाज और परिवार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को पहचानने का संदेश दिया। वहीं आशा सुल्तानिया ने कहा कि जब महिलाएं अपनी गरिमा और शक्ति को पहचानेंगी तथा परिवार और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेंगी, तभी समाज में स्वर्णिम युग का सूत्रपात संभव हो सकेगा।इस दौरान नंदिनी पाटनवार ने परम पूज्य गुरुदेव और माताजी की पीड़ा तथा समाज के प्रति हमारे उत्तरदायित्वों पर महत्वपूर्ण संदेश दिया। महिलाओं का हुआ सम्मान कार्यक्रम का संचालन सुजाता मानेक ने किया। अंत में गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य ट्रस्टी हेमराज वैश्य ने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए महिलाओं का श्रीफल और मंत्र दुपट्टा भेंट कर सम्मान किया।कार्यक्रम में उर्मिला विश्वकर्मा, अनीता शर्मा, शशि खंडेलवाल, प्रभा श्रीवास, डॉ. प्रियंका नेताम, जागेश्वरी साहू, नलिनी कश्यप, कुसुम पटेरिया, अहिल्या मिश्रा, सुशीला यादव सहित प्रज्ञापीठ लिंगियाडीह और रेलवे प्रक्षेत्र की अनेक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। मनोज राज 10 मार्च 2026