राज्य
10-Mar-2026


* 50% सीटों पर युवाओं को प्राथमिकता, मेयर पद के चेहरे की पहले ही होगी घोषणा; उम्मीदवार चयन के लिए QR कोड से भी आवेदन अहमदाबाद (ईएमएस)| राज्य में होने वाली आगामी स्थानीय स्वराज संस्थाओं की चुनावी तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने बड़ा ऐलान किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पार्टी 11 से 20 मार्च के बीच जिला, तालुका, नगरपालिकाओं और महानगरपालिकाओं में चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों को सीधे सुनने के लिए ग्राउंड लेवल पर जाएगी। राज्य में 15 महानगरपालिकाओं की 1044 सीटों, 34 जिला पंचायतों की 1084 सीटों और 83 नगरपालिकाओं की 2396 सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अमित चावड़ा ने कहा कि सभी महानगरों, जिलों और तालुकाओं में इच्छुक उम्मीदवारों को आमने-सामने सुना जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग 70 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और भाजपा ने स्थानीय स्वराज संस्थाओं को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि कमलम (भाजपा मुख्यालय) तक कमीशन पहुंचने के बाद ही ठेके दिए जाते हैं। कांग्रेस ने उम्मीदवार चयन के लिए कुछ महत्वपूर्ण मापदंड भी तय किए हैं। पार्टी ने घोषणा की है कि 50 प्रतिशत सीटों पर युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और 50 प्रतिशत टिकट 50 वर्ष से कम आयु के उम्मीदवारों को दिए जाएंगे। कांग्रेस 11 से 19 मार्च के बीच उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पूरी करेगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक सभी दावेदारों को पार्टी सीधे सुनकर निर्णय लेगी। इसके अलावा कांग्रेस मेयर और नगरपालिका अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों की घोषणा चुनाव से पहले ही करेगी। उम्मीदवार चयन की अंतिम प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर होगी और नगरपालिका की चुनाव समिति ही उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगी। साथ ही आरक्षण व्यवस्था के तहत 50 प्रतिशत महिला आरक्षण का भी ध्यान रखा जाएगा। पार्टी ने साफ छवि वाले लोगों को प्राथमिकता देने की बात कही है। साथ ही समाज के हर वर्ग के प्रतिनिधियों को मौका देने की भी घोषणा की गई है। लारी-गल्ला एसोसिएशन के नेताओं और बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ लड़ने वाले कार्यकर्ताओं को भी टिकट देने पर विचार किया जाएगा। इस बीच विधानसभा में विपक्ष के नेता डॉ. तुषार चौधरी ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एक QR कोड जारी किया जाएगा। इसके माध्यम से वे आवेदन पत्र भर सकेंगे और 11 से 20 मार्च के बीच होने वाली प्रक्रिया में उन्हें भी सुना जाएगा। सतीश/10 मार्च