राज्य
10-Mar-2026


नैनपुर में ट्रेन बदलने यात्रियों को नहीं करना पड़ेगा इंतजार जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर से मंडला के लिए जल्द ही रेलवे की एक बड़ी सुविधा शुरु होने जा रही है| इसके बाद यात्रियों को नैनपुर स्टेशन पर ट्रेन बदलने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा| दरअसल जबलपुर रेल मंडल ने जबलपुर-नैनपुर और नैनपुर-मंडला फोर्ट के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों को मिलाकर एक ही ट्रेन के रूप में चलाने का प्रस्ताव तैयार किया था, जिसे अब रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल चुकी है। लिहाजा अब जोन स्तर पर ट्रेन की नई समय-सारिणी तैयार की जा रही है। जैसे ही नई टाइम टेबल लागू होगी, यात्रियों को जबलपुर से मंडला फोर्ट तक सीधे पैसेंजर ट्रेन की सुविधा मिलने लगेगी। वर्तमान में दो भागों में चलती हैं ट्रेनें............. अभी तक जबलपुर से मंडला फोर्ट तक जाने के लिए यात्रियों को दो अलग-अलग ट्रेनों का सहारा लेना पड़ता है। वर्तमान व्यवस्था में पश्चिम मध्य रेलवे की पैसेंजर ट्रेन जबलपुर से नैनपुर तक चलती है। इसके बाद उसी रैक को नया नंबर देकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नैनपुर से मंडला फोर्ट तक चलाता है। इस व्यवस्था के कारण यात्रियों को नैनपुर स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ता है। कई बार ट्रेन के बीच में काफी अंतराल होने के कारण यात्रियों को घंटों स्टेशन पर रुकना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन दोनों हिस्सों को मिलाकर एक ही ट्रेन बना दी जाएगी। इससे जबलपुर से मंडला फोर्ट तक सीधे ट्रेन चल सकेगी और यात्रियों को बार-बार ट्रेन बदलने की परेशानी नहीं होगी। अभी की व्यवस्था में कई बार यात्रियों को नैनपुर स्टेशन पर पूरी रात तक इंतजार करना पड़ता है। उदाहरण के तौर पर जबलपुर से शाम 6:55 बजे चलने वाली पैसेंजर ट्रेन रात करीब 11 बजे नैनपुर पहुंचती है और वहीं समाप्त हो जाती है। इसके बाद वही ट्रेन अगले दिन तड़के करीब 3:45 बजे मंडला फोर्ट के लिए रवाना होती है। इस कारण मंडला जाने वाले यात्रियों को पूरी रात स्टेशन पर बितानी पड़ती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह ट्रेन सीधे जबलपुर से मंडला फोर्ट तक जाएगी। सुनील साहू / मोनिका / 10 मार्च 2026/ 05.51