- मुल्क के अमन-चैन और तरक्की के लिये मांगी गई दुआऐं भोपाल(ईएमएस)। एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (एपीसीआर), भोपाल की जानिब से रविवार 8 मार्च को रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर की सिविल सोसाइटी से जुड़े विभिन्न वर्गों के लोगों ने शिरकत कर आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान स्टेट सेक्रेटरी सैयद जावेद अख्तर ने साल 2025 में एपीसीआर द्वारा किए गए कार्यों का लेखा-जोखा पेश किया और संगठन की गतिविधियों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि एपीसीआर लगातार संविधान द्वारा प्रदत्त नागरिक अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए काम कर रहा है। संगठन के जिम्मेदारो ने इस बात पर भी रोशनी डाली की एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (एपीसीआर) एक राष्ट्रीय स्तर का संगठन है, जो देश में संविधान द्वारा प्रदत्त नागरिक अधिकारों की रक्षा, कानूनी शिक्षा, कानूनी सहायता और संविधान जागरूकता के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों के साथ खड़ा रहता है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष एडवोकेट ज़ुबैर इलाही, जिला उपाध्यक्ष डॉ. फ़ज़ल रहमान और समाजसेवी और संगठन के जिम्मेदार मारुफ अहमद खॉन सहित बड़ी संख्या में शहर वासी मौजूद रहे। संस्था के सदस्यो ने कार्यक्रम में पधारे सभी मेहमानों का आभार व्यक्त करने के साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी वॉलंटियर्स की सराहना की। इस मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक दुआ भी की, जिसमें मुल्क के अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ की गई। जुनेद / 10 मार्च