राष्ट्रीय
10-Mar-2026


लखनऊ (ईएमएस)। गो माता की रक्षा की मांग को लेकर यात्रा लेकर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद लखनऊ पहुंच गये हैं। अब कल वह गो माता को लेकर धर्मयुद्ध का शंखनाद करेंगे। जिला प्रशासन ने 26 शर्तों के साथ उन्हें सभा करने की अनुमति दी है। लखनऊ की सीमा में प्रवेश करते ही शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि आज सीएम योगी आदित्य नाथ को दी गई 40 दिन की मियाद पूरी हो रही है। लखनऊ में होने वाली सभा को देर से मिली अनुमति को लेकर शंकराचार्य ने कहाकि कल 11 मार्च को गो माता की रक्षा के लिए धर्मयुद्ध के लिए शंखनाद होगा। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहाकि लखनऊ में सभा की अनुमति देर से मिली है। ऐसे में बहुत से लोग देर से आ सकेंगे या नहीं आ सकेंगे। ऐसे में लोगों से अनुरोध किया है कि वो अपने-अपने स्थानों से ही गो रक्षा का शंखनाद करें। स्वामी ने कहा कि कल सुबह 11 मार्च को सबसे पहले पूजन और ध्वज स्थापना होगी। उसके बाद धर्मयुद्ध का शंखनाद होगा। विदित हो कि बीती सात मार्च को जगद्गुरु शंकराचार्य ज्योतिष पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने वाराणसी से लखनऊ के लिए प्रस्थान किया था। वह अपने गो रक्षा अभियान के लिए जनसमर्थन जुटा रहे हैं। कल 11 मार्च को लखनऊ में वह इस अभियान को लेकर बड़ा बिगुल फूंकेंगे। इसके साथ ही नकली और असली हिंदुओं को लेकर भी अहम बातें सामने रखेंगे। शंकराचार्य ने इस यात्रा को धर्मयुद्ध का नाम दिया है। यात्रा का मुख्य मकसद गो माता को ‘राष्ट्रमाता’ या ‘राज्यमाता’ का दर्जा दिलाना, गो हत्या पर पूरी तरह रोक लगाना और गो संरक्षण को मजबूत करना है। जितेन्द्र 10 मार्च 2026