साहिबगंज(ईएमएस)।राजमहल के राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिण पियारपुर स्थित आकुनबन्ना नाशघाट के पास सड़क दुर्घटना में बाइक सवार नानी-नाती गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार दक्षिण पियारपुर निवासी आरिफ शेख (30) अपनी नानी हविलान बीबी (50) को बाइक से किसी काम से उधवा ले जा रहे थे।इसी दौरान सामने से आ रहे मिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर सौरभ कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।परिजनों द्वारा बताया गया कि इलाज के लिए भागलपुर ले जाने के दौरान बोरियो के आसपास हविलन बीबी की रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि आरिफ शेख का इलाज के लिए रेफर कर दिया है।घटना की सूचना मिलने पर एएसआई ओमप्रकाश चौहान दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से ट्रैक्टर चालकों पर सख्ती करने की मांग की है। कर्मवीर सिंह/10मार्च/26