- भाई ने देखा बहन का फंदे पर लटका शव भोपाल(ईएमएस)। परवलिया सड़क थाना क्षेत्र स्थित ग्राम परवलिया में 11वीं कक्षा की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। भाई ने उसका शव पंखे के कुंदे पर दुपट्टे के सहारे लटका देख पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ग्राम परवलिया निवासी प्रियांशी चौहान पुत्री स्वर्गीय शैलेंद्र चौहान (16) के पिता जेसीबी मशीन ऑपरेटर थे। कोरोना काल में उनकी मौत हो गई थी। मूलरूप से जिला धार की किशनपुर खेड़ी थाना धर्मपुर की रहने वाली प्रियांशी अपने भाई अमन चौहान और मां के साथ यहां लवाना के मकान में किराए से रहती थी। मां प्राइवेट काम करती है और भाई पेट्रोल पंप पर नौकरी करता है। सोमवार को मां काम पर गई थी और भाई पेट्रोल पंप गया था। शाम करीब साढ़े चार बजे भाई अमित घर लौटा तो दरवाजा बंद था। उसने आवाज दी लेकिन दरवाजा नहीं खुला। खिड़की से झांककर देखने पर पता चला कि प्रियांशी ने फांसी लगा ली है। उसने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि प्रियांशी मोबाइल नहीं चलाती थी। उसके घर में मां व भाई और प्रियांशी के बीच केवल एक ही मोबाइल है। साथ ही प्रियांशी के पास से सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि वह 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और उसकी परीक्षा चल रही थी। अनुमान है कि पेपर बिगड़ने से दुखी होकर उसने यह कदम उठाया है। पुलिस साथ पढ़ने वाली सहेलियों से पछताछ करने की तैयारी कर रही है। जुनेद / 10 मार्च