राज्य
10-Mar-2026
...


इंदौर/ओंकारेश्वर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को खंडवा जिले के ओंकारेश्वर स्थित ऐतिहासिक ममलेश्वर मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वे अवधूत सिद्ध महायोगी दादा गुरुजी की चौथी नर्मदा सेवा परिक्रमा के समापन समारोह में सम्मिलित होने पहुंचे थे। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान ममलेश्वर का अभिषेक किया। वे ओंकारेश्वर के गजानन आश्रम से नर्मदा जल का कलश लेकर दादा गुरुजी और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के साथ पदयात्रा करते हुए ममलेश्वर मंदिर पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान से पूरे प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर मांधाता विधायक नारायण पटेल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। नर्मदा सेवा परिक्रमा के समापन के साथ ही यह यात्रा भक्ति और आस्था के माहौल में संपन्न हुई। प्रकाश/10 मार्च 2026