राज्य
10-Mar-2026


भोपाल(ईएमएस)। तलैया थाने से चंद कदम दूर यादगारे शाहजहांनी पार्क के सामने रविवार शाम एक युवक ने तीन साथियों के साथ चाय-नाश्ते की टपरी चलाने वाले युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मुख्य आरोपी बात करने के बहाने युवक को थोड़ी दूरी पर ले गया और मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने हत्या का प्रयास की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक डी-मार्ट के पीछे बरखेड़ी निवासी टंटूलाल ठाकुर (43) सुल्तानिया अस्पताल के पास चाय-नाश्ते की टपरी का संचालन करते हैं। समीर नामक युवक से उनका पुराना विवाद चल रहा है। रविवार शाम करीब चार बजे समीर अपने तीन साथियों के साथ टंटूलाल की दुकान पर पहुंचा और बातों में उलझाकर यादगारे शाहजहांनी पार्क के सामने ले गया। वहां उसने टंटूलाल के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट करने लगा। इस बीच समीर के साथी ने चाकू से हमला कर दिया। टंटूलाल की जांघ में चाकू का गहरा घाव लगा है। आंख के पास भी चोट लगी है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। जुनेद / 10 मार्च