बहरीन (ईएमएस)। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच बहरीन से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बहरीन सरकार ने 5 पाकिस्तानी और 1 बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने ईरान के हमले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर हमले का समर्थन करते हुए जश्न मनाया। बहरीन के आंतरिक मंत्रालय के अनुसार कार्रवाई उस समय की गई जब क्षेत्र में ईरान और इजराइल के बीच संघर्ष तेजी से बढ़ रहा है और खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति काफी तनावपूर्ण है। मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार तड़के राजधानी मनामा के एक रिहायशी इलाके पर मिसाइल और ड्रोन हमला हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। जांच एजेंसियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों ने ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया। आरोप है कि उन्होंने वीडियो के साथ ऐसे संदेश भी साझा किए जिनमें हमले की प्रशंसा की गई और ईरान की कार्रवाई का समर्थन किया गया। बहरीन प्रशासन ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा और गलत सूचना फैलाने की कोशिश है। गिरफ्तार किए पाकिस्तानी नागरिकों के नाम अब्दुल रहमान अब्दुल सत्तार, अरसलान अली साजिद, मोहम्मद मोअज अकबर, अफजल खान और अहमद मुमताज बताए हैं। वहीं बांग्लादेशी नागरिक का नाम मोहम्मद इसराफेल मीर बताया गया है। इस बीच क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव का असर ऊर्जा क्षेत्र पर भी दिखने लगा है। बहरीन की सरकारी तेल कंपनी ने अपने संचालन को लेकर “फोर्स मेज्योर” नोटिस जारी किया है। इसका मतलब है कि सुरक्षा जोखिम और क्षेत्रीय संघर्ष के कारण कंपनी के संचालन और आपूर्ति पर असर पड़ सकता है। विश्लेषकों का मानना है कि ईरान अब उन खाड़ी देशों को भी निशाना बना सकता है जहां अमेरिका के सैन्य ठिकाने मौजूद हैं, जिससे पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ने की आशंका है। आशीष दुबे / 10 मार्च 2026