राज्य
10-Mar-2026
...


मंडला (ईएमएस)। घुघरी स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से 10 मार्च को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय घुघरी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवागत अनुविभागीय अधिकारी घुघरी सचिन जैन ने छात्राओं के बीच पहुँचकर उन्हें जीवन की बारीकियों से अवगत कराया। एसडीएम जैन ने 14 से 15 आयु वर्ग की छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन (सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका) लगवाने के लिए प्रेरित किया। स्वास्थ्य के महत्व को समझाते हुए उन्होंने बताया कि सही समय पर लिया गया टीकाकरण सुरक्षित भविष्य की नींव है। उनकी बातों से प्रभावित होकर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक वैक्सीनेशन कराया। प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई से संबंधित सूक्ष्म विधाओं और बेहतर करियर निर्माण के गुर सिखाए। छात्राओं ने भी उज्ज्वल भविष्य और अच्छी पढ़ाई के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने टीम भावना के साथ कार्य किया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी एल.एस. उईके ने छात्राओं का मनोबल बढ़ाया। ईएमएस/मोहने/ 10 मार्च 2026