:: मधुमेह और मोटापे से मुक्ति के लिए अग्रवाल समाज की पहल; अगला शिविर 14-15 मार्च को आनंद नगर में होगा :: इंदौर (ईएमएस)। अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति, बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन एवं हेल्थ फॉर भारत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमती नीनादेवी अग्रवाल की स्मृति में स्नेह नगर स्थित अग्रसेन भवन पर आयोजित दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस शिविर में समाज के 1140 नागरिकों ने भाग लेकर 32 प्रकार की विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कराईं। हेल्थ फॉर भारत फाउंडेशन की प्रमुख विनिता कोठारी ने बताया कि जांच के दौरान अधिकांश नागरिकों में मधुमेह एवं मोटापे की प्रारंभिक स्थिति पाई गई है। समय रहते उपचार और सही जीवनशैली अपनाकर इसे नियंत्रित किया जा सकता है। फाउंडेशन की 20 सदस्यीय विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल टीम ने पूरी तत्परता से अपनी सेवाएं दीं। :: अतिथियों ने सराहा सेवा कार्य :: शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद शंकर लालवानी, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा एवं पार्षद मृदुल अग्रवाल ने आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की। सांसद लालवानी ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य अभियान समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण करवाते रहें। :: 20 सामाजिक संगठनों का मिला सहयोग :: अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल एवं फाउंडेशन के प्रमुख विनोद अग्रवाल के मार्गदर्शन में किशोर गोयल, अरविन्द वेल्यूअर एवं शीतल तोडीवाला ने शिविर का संयोजन किया। इस अनूठे सेवा कार्य को सफल बनाने में प्रगति क्लब, अग्रसेन क्लब, यूथ क्लब, जूनी इंदौर एवं संयोगितागंज सहित 20 से अधिक सामाजिक संगठनों ने नागरिकों को जांच के लिए प्रोत्साहित किया। :: अगला शिविर 14-15 मार्च को :: आयोजकों ने जानकारी दी है कि स्वास्थ्य परीक्षण अभियान की अगली कड़ी में 14 और 15 मार्च को नवलखा-चितावद क्षेत्र स्थित आनंद नगर गार्डन में सुबह 8 बजे से निशुल्क शिविर आयोजित किया जाएगा। प्रकाश/10 मार्च 2026 संलग्न चित्र: समापन समारोह में सांसद शंकर लालवानी एवं अन्य अतिथि, संबोधित करते संयोजक किशोर गोयल