सेंसेक्स 640 अंक चढ़ा, निफ्टी 24250 के पार नई दिल्ली(ईएमएस)। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बेंचमार्क सूचकांक और निफ्टी में करीब एक प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और पश्चिम एशिया में संघर्ष के जल्द समाप्त होने की उम्मीदों के बीच घरेल बाजार में बढ़त देखने को मिली। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने रिकॉर्ड निचले स्तर से मजबूती से उबरते हुए 36 पैसे बढक़र 91.85 (अस्थायी) पर बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 639.82 अंक या 0.82 प्रतिशत बढक़र 78,205.98 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 960.09 अंक या 1.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 78,526.25 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 233.55 अंक या 0.97 प्रतिशत चढक़र 24,261.60 पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों का हाल सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन, मारुति, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख लाभ कमाने वाली कंपनियों में शामिल थीं। पिछडऩे वाली कंपनियों में इटरनल, इंफोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल शामिल थीं। यूरोपीय बजारों में दिखी तेजी एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक 5.35 प्रतिशत की तीव्र उछाल के साथ बढ़ा, जबकि जापान का निक्केई 225 सूचकांक 2.88 प्रतिशत की तेजी से ऊपर चढ़ा। शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक भी सकारात्मक स्तर पर बंद हुए। यूरोप के बाजारों में भारी तेजी देखी गई। सोमवार को अमेरिकी बाजार में तेजी के साथ कारोबार समाप्त हुआ। विनोद उपाध्याय / 10 मार्च, 2026