:: कैशलेस बीमा योजना लागू; 500 रुपये के प्रीमियम में मिलेगा 5 लाख तक का सुरक्षा कवर :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बिजली कार्मिकों और अधिकारियों के लिए एक अत्यंत लाभकारी कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना का शुभारंभ किया गया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देश और कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह योजना कर्मियों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का एक अनोखा कवच साबित होगी। मंगलवार को कंपनी कार्यालय में विद्युत वितरण कंपनी और मेडसेव हेल्थ इंश्योरेंस के बीच इस योजना के लिए अनुबंध प्रक्रिया संपन्न हुई। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान, संयुक्त सचिव संजय मालवीय और इंश्योरेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक विनय रिछारिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। :: योजना की मुख्य विशेषताएं और प्रीमियम दरें :: यह योजना किफायती प्रीमियम पर उच्च चिकित्सकीय व्यय का लाभ प्रदान करती है, जिसकी दरें इस प्रकार हैं: 5 लाख का कवर : 500 रुपये प्रतिमाह प्रीमियम पर। 10 लाख का कवर : 1,000 रुपये प्रतिमाह प्रीमियम पर। 25 लाख का कवर : 2,000 रुपये प्रतिमाह प्रीमियम पर। यह कैशलेस हेल्थ बीमा योजना न केवल कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए है, बल्कि मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी से सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स भी निर्धारित शर्तों के अधीन अपने सपरिवार इस योजना का लाभ ले सकेंगे। बिजली कंपनी प्रबंधन का मानना है कि इस पहल से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें आकस्मिक स्वास्थ्य समस्याओं के दौरान बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। प्रकाश/10 मार्च 2026