क्षेत्रीय
11-Mar-2026
...


- डेढ़ लाख नकद सहित पूरी गृहस्थी राख गुना (ईएमएस)। शहर के बूढ़े बालाजी हरिपुर रोड स्थित एक घर में देर रात लगी आग ने एक परिवार की पूरी जिंदगी उजाड़ दी। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब घर के सदस्य शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा मकान धू-धू कर जलने लगा। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक घर में रखा लगभग सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। पीड़ित परिवार टीकाराम पुत्र बीरबल सरवरिया का है, जो बूढ़े बालाजी हरिपुर रोड पर आंगनबाड़ी के पास रहते हैं। परिजनों के अनुसार घर में करीब डेढ़ लाख रुपए नगद रखे थे, जो पूरी तरह जल गए। इसके अलावा फ्रीज, अलमारी, पंखा सहित पूरी गृहस्थी का सामान आग की भेंट चढ़ गया। बच्चों की पढ़ाई से जुड़े सभी कोर्स और किताबें भी आग में जलकर राख हो गईं। परिवार का कहना है कि आग इतनी भयानक थी कि घर में एक जोड़ी कपड़े तक नहीं बच पाए। परिवार की सदस्य रानी सरवैया ने बताया कि वे सभी पवन कॉलोनी में एक शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान मोहल्ले के लोगों ने घर से धुआं उठता देखा और आग बुझाने की कोशिश की। साथ ही परिवार को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। अचानक हुई इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अब परिवार के सामने दोबारा से गृहस्थी बसाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की मांग की है। सीताराम नाटानी