नई दिल्ली (ईएमएस)। निहाल विहार बस हादसे के बाद हुई तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पुलिस ने तीन उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बस में आग लगाने का मुख्य आरोपी नवलेश भी शामिल है। सीसीटीवी फुटेज से चार अन्य की पहचान हुई है, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निहाल विहार थाना क्षेत्र में नजफगढ़-नांगलोई रोड पर हुए भीषण बस हादसे के बाद बसों में तोड़फोड़ और आगजनी करने वालों पर अब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने बस में आग लगाने वाले मुख्य आरोपित समेत तीन उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। बाहरी जिला के उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि घटना के बाद मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो का विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर सात उपद्रवियों की पहचान की गई है। इनमें से बस में आग लगाने वाले मुख्य आरोपित और पत्थरबाजी करने वाले दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष चार आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 45 वर्षीय नवलेश के रूप में हुई है, जिसने पेट्रोल में भीगा कपड़ा डालकर बस में आग लगा दी थी। वह निहाल विहार के शिवराम पार्क का निवासी है और मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। इसके अलावा 19 वर्षीय अनुराग राय, निवासी नांगलोई और सीपू, निवासी नजफगढ़ को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपित आसपास की कंपनियों में काम करते हैं। गौरतलब है कि सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे एक तेज रफ्तार क्लस्टर बस बेकाबू हो गई और पीछे से स्कूटी व मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए कई वाहनों को रौंदती चली गई। हादसे में निहाल विहार निवासी रविकांत शर्मा (32) और शिवराम पार्क निवासी कमलजीत (39) की मौत हो गई थी।