11-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। डीटीसी ने पश्चिमी दिल्ली के निहाल विहार में क्लस्टर बस दुर्घटना की जांच के लिए एक समिति बनाई है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। डीटीसी ने बस ऑपरेटर को दोषी ड्राइवर की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया है और ड्राइवरों के लिए रिफ्रेशर ट्रेनिंग अनिवार्य की है। स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और बसों पर रेसिंग का आरोप लगाया। डीटीसी ने पश्चिमी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में एक क्लस्टर बस से हुई दुर्घटना की जांच के लिए एक समिति बनाई है। समिति जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। डीटीसी ने एक बयान में कहा कि सोमवार को हुए दुर्घटना के बाद बस आपरेटरों को ड्राइवरों के लिए रिफ्रेशर ट्रेनिंग कोर्स आयोजित करने और परिवहन तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। दोषी बस के आपरेटर को एक नोटिस जारी किया गया है, जिसमें दुर्घटना में शामिल ड्राइवर की सर्विस तुरंत खत्म करने और अन्य सभी उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। नजफगढ़-नांगलोई रोड पर हुए दुर्घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी क्योंकि निवासी और परिवार के सदस्य विरोध में मौके पर जमा हो गए। उनका आरोप था कि दो डीटीसी बसें, जिनमें लगभग 10 यात्री सवार थे, एक-दूसरे से रेस कर रही थीं। दुर्घटना के बारे में एक रिपोर्ट में डीटीसी ने कहा कि नजफगढ़-नरेला रूट पर एक क्लस्टर बस सोमवार सुबह करीब 9.35 बजे हुई दुर्घटना में शामिल थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि बस बवाना डिपो-5 की थी और इसे इंटैक्ट मोटर्स चलाती है। यातायात पुलिस के मुताबिक 2024-25 में 41 जानलेवा दुर्घटनाओं सहित डीटीसी और क्लस्टर बसें 150 सड़क दुर्घटनाओं में शामिल रही हैं। डीटीसी ड्राइवरों से जुड़े सड़क हादसों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस हर बुधवार को पंजाबी बाग के ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क आडिटोरियम में खास तौर पर डीटीसी ड्राइवरों के लिए एक दिन का सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम करती है। यातायात पुलिस ने बताया कि हर हफ्ते 200 से ज़्यादा ड्राइवरों को प्रशिक्षण दिया जाता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/11/मार्च /2026