- देवरी-अधारताल के बीच घटना : अप लाइन से आने वाली 8 ट्रेन प्रभावित जबलपुर, (ईएमएस)। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के शहर से लगे देवरी-अधारताल के बीच ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त होने से अप लाइन पर यातायात 3 घंटे से ज्यादा बाधित हुआ। इस दौरान लगभग 8 गाडिय़ों को पिछले स्टेशनों पर रोक दिया गया था।. घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार 11 मार्च की दोपहर 12 बजे के लगभग एक ट्रेन कटनी की ओर से जबलपुर आ रही थी। इसी दौरान देवरी-अधारताल के बीच रेल ट्रैक किलोमीटर 1003-3 पर ट्रेन के इंजिन से एक मवेशी टकराकर ओएचई के खंभे से जा भिडा जिससे सेंटीलीवर व ओएचई वायर क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रैक की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। घटना की जानकारी लगते ही जबलपुर से ओएचई लाइन दुरुस्त करने टीम मौके पर पहुंची और दोपहर तक सुधार कार्य कर यातायात को बहाल किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना से कटनी से जबलपुर (अप लाइन) से आने वाली लगभग 8 गाडिय़ां प्रभावित हुई जिन्हें पिछले स्टेशनों पर रोक दिया गया था। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जबलपुर रेल मंडल डा. मधुर वर्मा ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जबलपुर के देवरी-अधारताल के बीच कैटल रन ओवर हुआ, जो उछलकर ओएचई पोल से टकराया, इस कारण ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। रेल कर्मचारियों ने तत्काल ही आवश्यक सुधार कार्य किया । इसके बाद रेल संचालन बहाल हो गया। इस दौरान लगभग 8 गाडिय़ां प्रभावित हुई । अजय पाठक / मोनिका / 11 मार्च 2026