-केजरीवाल ने एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार पर बोला हमला नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। केजरीवाल ने पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए उन्हें ट्रंप का गुलाम तक बताया दिया। आप के राष्ट्रीय संयोजक ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी का कोई राज ट्रंप के पास है जिसकी वजह से वह देश को बर्बाद कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी ने युद्ध में अमेरिका और इजराइल का पक्ष लिया और ईरान को दुश्मन बना लिया है, इसी वजह से यह संकट पैदा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को एलपीजी संकट पर सरकार की विदेश नीति की आलोचना की। उन्होंने गैस आपूर्ति में कमी के लिए पीएम मोदी को सीधे जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इससे एक करोड़ लोगों का रोजगार जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस वक्त देश बहुत गंभीर संकट से गुजर रहा है। पूरे देश में एलपीजी गैस की भारी किल्लत है। इसका कारण है कि देशभर में जितना उत्पादन होता है उसमें से 50 फीसदी कम हो गई है। 60 फीसदी गैस देश में आयात होता है और इसमें से 90 फीसदी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आता था, जो युद्ध की वजह से बंद कर दिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि ईरान रूस और चीन जैसे दोस्तों को यहां से गुजरने की इजाजत दे रहा है, लेकिन भारत को नहीं। केजरीवाल ने मुंबई, तमिलनाडु, दिल्ली-एनसीआर, बिहार, राजस्थान आदि का नाम लेते हुए कहा कि हजारों होटल बंद हो गए हैं और आने वाले दिनों और ज्यादा बंद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि गुजरात के मोरबी में ही टाइल्स कारोबार से जुड़े एक लाख लोग बेरोजगार हो चुके हैं और देश में तुरंत एक करोड़ से ज्यादा लोगों को बेरोजगार होने की संभावना है। पूर्व सीएम ने कहा कि 75 साल से भारत की विदेश नीति गुटनिरपेक्षता की थी जिसे पीएम मोदी ने ध्वस्त कर दिया है। केजरीवाल ने कहा कि युद्ध शुरू होने से एक दिन पहले उन्हें इजराइल जाने की क्या जरूरत थी। उन्होंने पूरे देश को संकट में डाल दिया है। वह ऐसा क्यों कर रहे हैं यह समझ से परे हैं। भारत हमेशा से गुटनिरपेक्षता का पक्षधर था। ईरान जो हमारा पुराना दोस्त था उसे हमने अपना दुश्मन बना लिया है। केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुझे ये शब्द इस्तेमाल करने में बहुत शर्म महसूस हो रही है, प्रधानमंत्री जी ट्रंप के गुलाम बने हुए हैं। 140 करोड़ लोगों के महान देश को पीएम मोदी ने अमेरिका की कॉलोनी बना दिया है। अंग्रेजों ने इसलिए कब्जा कर लिया क्योंकि उस समय के राजा कमजोर थे, उन्हें ब्लैकमेल किया जा सकता था। उन्हें खरीदा जा सकता था। आज अमेरिका ने हमारे देश पर कब्जा कर लिया है, क्योंकि पीएम कमजोर हैं। उसको ब्लैकमेल किया जा रहा है। उसको क्यों ब्लैकमेल किया जा रहा है। एक एक देशवासी का खून खौल रहा है जिस तरह अमेरिका के राष्ट्रपति से छोटे कर्मचारी तक हमारे प्रधानमंत्री का मजाक उड़ा रहे हैं। हमारा यही कसूर है कि हमारा प्रधानमंत्री कमजोर है। केजरीवाल ने कहा कि ट्रंप ने कहा है कि कॉटन ड्यूटी हटा लो पीएम मोदी ने कहा जी हुजूर। ट्रंप ने कहा कि रूस से तेल मत खरीदो- मोदी ने कहा जी हुजूर। इससे देश को 8 लाख करोड़ का नुकसान हुआ। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सामान पर जीरो ड्यूटी होगी। मोदी जी ने कहा जी हुजूर। हम जानना चाहते हैं कि मोदी की क्या मजबूरी है? कुछ तो है मोदी जी का ट्रंप के पास, जिसकी वजह से मोदी इतने मजबूर हैं। ट्रंप खुलेआम कह रहा है कि मेरे पास मोदी जी का राज है जिसे पब्लिक कर दूंगा तो उनका करियर खत्म हो जाएगा। अगर मोदी जी को लगता है कि ऐसी कुछ शर्मनाक बातें हैं जिनके पब्लिक में आने से उनका नुकसान होगा। यदि उन्हें राज खुलने का डर है तो इस्तीफा दे दें लेकिन देश को बर्बाद ना करें। सिराज/ईएमएस 11मार्च26