राजस्व वसूली में कोताही बर्दाश्त नहीं : निगमायुक्त जबलपुर, (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने निगम के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में राजस्व, बाजार, पीएम स्वनिधि, उद्यान और सीएम हेल्पलाइन जैसे जनहित से जुड़े विषयों पर गहन चर्चा की गई। निगमायुक्त ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले 20 कर-संग्रहिताओं को आज कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। आयुक्त ने अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में निर्देश दिए कि शहर की व्यवस्थाओं में सुधार और राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए फील्ड वर्क पर विशेष ध्यान दिया जाए। बाजार और राजस्व वसूली पर विशेष फोकस............. आयुक्त श्री अहिरवार ने बाजार अधीक्षक को निर्देशित किया है कि वे अपनी टीम के साथ केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर सीधे फील्ड पर उतरें और लंबित वसूली को गति दें। निगम की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए उन्होंने 14 मार्च तक की समय-सीमा निर्धारित की है। निगमायुक्त ने कहा कि लक्ष्य पूरा न करने वाले अमले के विरुद्ध निलंबन जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी। उद्यान और जनसमस्याओं का समाधान............. बैठक के दौरान उद्यान विभाग की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने शहर के पार्कों और हरियाली के रखरखाव में सुधार लाने के लिए अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। बैठक में सभी अधिकारी उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 11 मार्च 2026/ 05.23