मण्डला (ईएमएस)। मंडला पुलिस द्वारा चौकी सलवाह क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के नेतृत्व में पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सकलेचा द्वारा ग्रामीणजनों से संवाद कर कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। पुलिस चौपाल के दौरान ग्रामीणों को हेलमेट जागरूकता, यातायात नियमों का पालन, “नशे से दूरी है जरूरी” (ड्रग्स जागरूकता), साइबर सुरक्षा तथा महिला सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी साझा करते हुए किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम उपरांत एसपी श्री सकलेचा द्वारा थाना घुघरी एवं चौकी सलवाह का निरीक्षण भी किया गया, जिसमें थाना परिसर, अभिलेखों, मालखाना तथा पुलिस व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में एसडीओपी बिछिया श्री सौरभ तिवारी, चौकी प्रभारी सलवाह श्री निलेश पटेल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ईएमएस/ 11/03/2026