क्षेत्रीय
11-Mar-2026
...


मण्डला (ईएमएस)। मंडला रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मंगलवार को चारटोला पाण्डुतला के समीप एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जानकारी अनुसार घायल युवक की पहचान ओमप्रकाश परते, निवासी मोहनिया पटपरा के रूप में हुई है। बताया गया कि ओमप्रकाश अपनी बाइक से वापस घर जा रहा था, तभी चारटोला के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया और उसे गंभीर चोटें आईं। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और हाईवे हेल्पलाइन नंबर 1033 पर दी। सूचना मिलते ही हाईवे एम्बुलेंस मौके पर पहुँची। एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी रंजीत यादव और ड्राइवर शरद झारिया ने घायल की स्थिति को देखते हुए मौके पर ही उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया और बिना समय गँवाए उसे बिछिया अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुँच गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। फिलहाल टक्कर मारने वाले वाहन का सुराग नहीं लग पाया है, पुलिस आसपास के सीसीटीवी और चश्मदीदों के आधार पर वाहन की तलाश कर रही है। ईएमएस/ 11/03/2026