कोलकाता(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में एक अफगानिस्तान नागरिक को बिना वैध दस्तावेज भारत में प्रवेश करने के प्रयास के दौरान गिरफ्तार किया गया। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी। गिरफ्तार होने वाले व्यक्ति की पहचान अलजाही मुसाफर के रूप में की गई है। वह अफगानिस्तान के निम्रोज प्रांत का निवासी है। पुलिस और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के अधिकारियों के अनुसार, मुसाफर भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा को फतेपुर बॉर्डर इलाके से पार करने की कोशिश कर रहा था। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रात की गश्त के दौरान हमारे कर्मियों ने उसे फतेपुर सीमा के पास देखा। उसे तुरंत रोका और हिरासत में ले लिया। उसके पास भारत में प्रवेश के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं थे और न ही उसके पास बांग्लादेशी पहचान पत्र मौजूद थे। विनोद उपाध्याय / 11 मार्च, 2026