राष्ट्रीय
11-Mar-2026


आगरा(ईएमएस)। यूपी एटीएस ने आगरा से एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। आरोपी भारतीय नौसेना यानी नेवी में लांस नायक है। वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी कर रहा था। आरोपी ने आईएसआई एजेंट को देश के युद्धपोतों की तस्वीरें और डिटेल्स भेजी हैं। एटीएस ने आरोपी आदर्श कुमार उर्फ लकी को आगरा में उसके गांव कागारौल थाने के गांव चीतपुर से दबोचा है। उसकी 22 दिन पहले ही शादी हुई थी। वह हनीमून मनाने दुबई गया था। 3 दिन पहले ही वहां से लौटा था। लांस नायक ने अपने बैंक खाते से आईएसआई एजेंट को पैसे भी ट्रांसफर किए थे। इसकी पुष्टि उसके पास मिले दस्तावेजों से हुई है। लांस नायक आदर्श कुमार की तैनाती कोच्चि (केरल) में दक्षिणी नेवल कमांड में थी। एटीएस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि आदर्श पाकिस्तानी एजेंसी आईएसआई को भारत से जुड़ी अहम जानकारियां भेज रहा है। एटीएस ने लकी को उसके गांव से पकडक़र पूछताछ की। इसमें पुष्टि हुई कि उसने बेहद संवेदनशील सूचनाएं साझा की। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की भी जांच की गई, जिसमें उसके जासूस होने की पुष्टि हुई। एटीएस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगरा कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया। एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि कहीं इस जासूसी नेटवर्क में और लोग तो शामिल नहीं हैं। विनोद उपाध्याय / 11 मार्च, 2026