- विधायक ने टेंडर और कार्य प्रगति पर सवाल उठाए रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल में विधायक किरण देव सिंह ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क और विकास योजना के तहत स्वीकृत सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि अब तक किस ठेकेदार को काम दिया गया, कितनी राशि का भुगतान हुआ और कार्य की वर्तमान स्थिति क्या है। इस पर सड़क परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि 18 किलोमीटर सड़क का निर्माण होना था, लेकिन घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण विस्तृत सर्वे और नाली निर्माण सहित कई कार्य अभी तक पूरे नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि डीएमएफ की राशि से कार्य चिन्हांकित किया गया है और अब तक लगभग 8 करोड़ रुपये इस कार्य में खर्च किए गए हैं। मंत्री ने आश्वस्त किया कि इस वर्ष के भीतर सड़क निर्माण पूरा करने की कोशिश की जाएगी। किरण देव सिंह ने बताया कि अब तक केवल मिट्टी डालने और पुलिया निर्माण का काम हुआ है और वर्षा की वजह से पहले किए गए कार्य भी खराब हो गए हैं। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति और कार्य शुरू होने की तारीख पर स्पष्ट जानकारी मांगी और आग्रह किया कि अधिकारियों की एक टीम बनाई जाए जो काम की नियमित मॉनिटरिंग करे। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि डीएमएफ की लगभग 5.29 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है और आने वाले 20 दिनों के भीतर उच्च अधिकारियों की टीम वहां जाकर निरीक्षण करेगी। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा और मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/12 मार्च 2026