क्षेत्रीय
12-Mar-2026
...


- चलती गाड़ी में भडक़ी भीषण आग बाल्टियों और कैन से बुझाई गई लपटें, शॉर्ट सर्किट या जलता कचरा बना कारण गुना (ईएमएस)। शहर के सबसे व्यस्त इलाके एबी रोड पर गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब नगरपालिका की एक कचरा गाड़ी चलती सडक़ पर धू-धू कर जल उठी। बड़े पुल के पास हुई इस घटना ने राहगीरों के होश उड़ा दिए। गाड़ी के पहियों से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते ऊपर लदे कचरे को अपनी चपेट में ले लिया और गाड़ी सडक़ पर आग का गोला बनकर दौडऩे लगी। मौत बनकर दौड़ रही थी गाड़ी, लोगों ने दी आवाज कचरा गाड़ी जब बड़े पुल से गुजर रही थी, तब उसके निचले हिस्से में आग लग चुकी थी। चालक इस बात से अनजान था और गाड़ी आगे बढ़ाता जा रहा था। आग की ऊंची लपटें और धुआं देखकर सडक़ पर चल रहे लोगों ने शोर मचाया और चिल्लाकर चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया। चालक ने जैसे ही पीछे देखा, उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत गाड़ी सडक़ किनारे खड़ी की। बाल्टियों और कैन से बुझाई गई आग गाड़ी रुकते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर सक्रिय हो गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने का इंतजार किए बिना लोगों ने पास की दुकानों से बाल्टियां और पानी के कैन भरकर आग पर डालना शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। शॉर्ट सर्किट या जलता कचरा बना कारण? आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन दो मुख्य संभावनाएं जताई जा रही हैं। पहली यह कि किसी नागरिक ने कचरे में सुलगती हुई कोई वस्तु डाल दी होगी, जो हवा लगने पर भडक़ गई। दूसरी आशंका गाड़ी की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को लेकर है, क्योंकि आग पहियों के पास से शुरू हुई थी। सीताराम नाटानी