राज्य
12-Mar-2026
...


- विपक्ष ने लाया स्थगन प्रस्ताव, सत्ता पक्ष ने ठुकराया, सदन 5 मिनट के लिए स्थगित रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में शून्यकाल के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कमी और कीमतों में उछाल का मुद्दा उठते ही सदन में भारी हंगामा मच गया। विपक्षी कांग्रेस ने इस गंभीर समस्या पर तत्काल चर्चा की मांग करते हुए स्थगन प्रस्ताव पेश किया, जिससे सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हो गए। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सदन को बताया कि प्रदेश में गैस सिलेंडर की लगातार कमी हो रही है, जिससे आम परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और आपूर्ति की कमी के कारण लोग रसोई चलाने में असमर्थ हो रहे हैं। इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा के लिए उन्होंने स्थगन प्रस्ताव रखा। सत्ता पक्ष के विधायक अजय चंद्राकर ने इसका विरोध करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की कीमत और आपूर्ति का मामला पूरी तरह केंद्र सरकार के अधीन है, इसलिए राज्य विधानसभा में इस पर चर्चा संभव नहीं है। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने तीखी आपत्ति जताई और कहा कि जब मुख्यमंत्री का बयान इस मुद्दे पर सदन में आ सकता है, तो चर्चा क्यों नहीं हो सकती? पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सदन को याद दिलाया कि भले ही विषय केंद्र से जुड़ा हो, लेकिन गैस की कमी और महंगाई का सीधा असर राज्य के नागरिकों पर पड़ रहा है। ऐसे में राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि वह केंद्र से समन्वय कर आपूर्ति सुनिश्चित करे और लोगों को राहत पहुंचाए। स्थगन प्रस्ताव पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही को 5 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/12 मार्च 2026