नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिणी दिल्ली के अंबेडकर नगर में निखिल नागर की हत्या का खुलासा हुआ है। अभिषेक भोला ने अपने भाई कुणाल की हत्या का बदला लेने के लिए निखिल को गोली मारी थी। कुणाल की हत्या 2021 में हुई थी, जिसमें निखिल आरोपी था और डेढ़ महीने पहले ही जेल से छूटा था। पुलिस ने अभिषेक और उसके साथियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। अंबेडकर नगर थाना क्षेत्र स्थिति मदनगीर भूमिया मंदिर के पास दो दिन पहले हुई 30 वर्षीय निखिल नागर उर्फ निक्की की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर ली है। निखिल की हत्या अभिषेक भोला ने अपने भाई कुणाल की हत्या का बदला लेने के लिए की है। पुलिस अभिषेक के साथ ही उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2021 में कुणाल की हत्या हो गई थी। उस मामले में पुलिस ने निखिल को आरोपित बनाया था और जेल भेजा था। डेढ़ महीने पहले ही वह जेल से बाहर आया था। तभी से अभिषेक अपने भाई का बदला लेने के लिए मौके तलाश रहा था। सोमवार रात उसे वह मौका मिल गया। अपने साथियों संग मिलकर उसने मदनगीर भूमिया मंदिर के पास निखिल पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। गंभीर रूप से घायल निखिल ने मंगलवार को एम्स ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया था। सीसीटीवी फुटेज व लोकल इंटेलीजेंस के जरिए सभी आरोपितों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/12/मार्च /2026