नई दिल्ली (ईएमएस)। क्राइम ब्रांच ने यमुनापार के कुख्यात छेनू गिरोह के दो शूटरों, राशिद उर्फ सोनू और फहीम उर्फ डैनी को गिरफ्तार किया है। ये विरोधी गिरोह के बदमाशों की हत्या की साजिश रच रहे थे। इनके पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, पांच कारतूस और एक टाटा पंच कार जब्त की गई। राशिद पर 21 से अधिक मामले दर्ज हैं और वह जयपुर में 70 लाख की ज्वेलरी चोरी में वांछित था। फहीम भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। गैंगवार में विरोधी गिरोह के बदमाशों की हत्या की साजिश रच रहे यमुनापार के कुख्यात गैंगस्टर इरफान उर्फ छेनू गिराेह के दो शूटर राशिद उर्फ सोनू व फहीम उर्फ डैनी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। राशिद, मयूर विहार थाने का घोषित अपराधी है। उसपर 21 से अधिक केस दर्ज है। फहीम पर भी चार से अधिक केस दर्ज हैं। दोनों के पास से दो सेमी आटोमैटिक पिस्टल, पांच कारतूस और टाटा पंच कार जब्त। राशिद की जयपुर के विधायक पुरी थाने में 70 लाख की ज्वेलरी चोरी के मामले में भी तलाश थी। डीसीपी हर्ष इंदौरा के मुताबिक राशिद, त्रिलोकपुरी का रहने वाला है। उसके पिता बिजनौर (यूपी) में पेंटर का काम करते हैं। उसकी पहली आपराधिक संलिप्तता 2011 की है। राशिद पर चोरी, वाहन चोरी, सेंधमारी, छीना-झपटी, डकैती, शस्त्र अधिनियम व गैर इरादतन हत्या आदि के 21 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2025 में, उसे कामारेड्डी, आंध्र प्रदेश में सेंधमारी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। वहां वह एक माह तक जेल में रहा था। नवंबर 2025 में वह आगरा में शस्त्र अधिनियम के एक मामले में भी गिरफ्तार किया गया। वहां वह एक महीने से अधिक समय तक जेल में रहा था। बीते 29 जनवरी को जयपुर के विधायकपुरी थाने में लाखों के सोना-चांदी के गहने और 70 लाख नकदी चोरी के मामले में राशिद वांछित था। फहीम भी त्रिलोकपुरी का रहने वाला है। वह पहले फ्रीलांसर मसाजर के तौर पर काम करता था और बिना पढाई किए हड्डी के फ्रैक्चर का झोलाछाप डाक्टर है। वह राशिद के बचपन का दोस्त है, उसकी लाइफस्टाइल से आकर्षित होकर वह उसके साथ मिलकर आपराधिक वारदात करने लगा। फहीम पर पहले के चार केस दर्ज हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/12/मार्च /2026