बिलासपुर (ईएमएस)। तोरवा थाना क्षेत्र में पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में घर पहुंचे पति ने ऑनलाइन पैसे देने के शक में विवाद कर पत्नी के साथ मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हेमू नगर निवासी गौरी यादव घरेलू कामकाज करती हैं। गौरी यादव ने पुलिस को बताया कि 9 मार्च की दोपहर करीब 1 बजे वह अपने घर पर थी। इसी दौरान उनका पति पवन यादव शराब पीकर घर पहुंचा और उनसे ऑनलाइन माध्यम से किसी अन्य व्यक्ति को पैसे देने की बात को लेकर विवाद करने लगा। पीडि़ता के अनुसार पति ने कहा कि वह उसके लिए सब कुछ करता है और उसे भी पैसों की जरूरत है। जब गौरी यादव ने कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं, तो वह भडक़ गया और गाली-गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ, मुक्केे और लात से मारपीट कर दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर उसके चरित्र पर संदेह करता है और इसी बात को लेकर पहले भी घर में विवाद और झगड़ा कर चुका है। घटना के बाद पीड़िता ने तोरवा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।