- हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड?र फरार, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हंगामा बिलासपुर (ईएमएस)। जिले के बेलगहना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बुजुर्ग महिला की जान ले गया। शादी समारोह में शामिल होने आई महिला को हाइवा ने इतनी जोर से टक्कर मारी कि वह पहियों के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। मंगलवार को कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी अंतर्गत ग्राम रतखंडी में दिल दहला देने वाला सडक़ हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर के समय गांव की सडक़ पर सामान्य आवाजाही चल रही थी। इसी दौरान ग्राम मझवानी निवासी जमुना गोंड (65 वर्ष), जो एक शादी समारोह में शामिल होने रतखंडी आई थीं, सडक़ किनारे पैदल जा रही थीं। उसी समय कोटा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा हाइवा वाहन क्रमांक सीजी-11 एपी 0618 अचानक उनके करीब पहुंचा और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, हाइवा ने महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सीधे वाहन के पहियों के नीचे आ गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड?र मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही बेलगहना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद चालक वाहन को मौके पर ही छोडक़र फरार हो गया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों का हंगामा, मुआवजे की मांग हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर आक्रोश जताने लगे। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देते हुए शासन की ओर से तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपए की राशि प्रदान की, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए और स्थिति सामान्य हो सकी। मनोज राज 12 मार्च 2026