- चारों श्रमिकों का चेहरा और शरीर का सामने का हिस्सा झुलसा - प्लांट के वाहन से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, बिल्हा थाना क्षेत्र की घटना बिलासपुर (ईएमएस)। बिल्हा थाना क्षेत्र स्थित नोवा प्लांट में सोमवार देर रात एक हादसे में चार मजदूर पिघले हुए आयरन की चपेट में आकर झुलस गए। घटना सोमवार रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है, जब प्लांट में पिघले लोहे को सांचे (लैडल) में डाला जा रहा था। इसी दौरान अचानक पिघला हुआ आयरन उछल गया और वहां काम कर रहे चार कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। हादसे में घायल श्रमिकों की पहचान नरेंद्र कोसले निवासी ग्राम भैंसबोर्ड (बिल्हा), चंद्रहंस निवासी भैंसबोर्ड, धर्मवीर निवासी बिहार और विनय कुमार निवासी बिहार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों के चेहरे और शरीर के सामने का हिस्सा झुलस गया है। प्लांट के वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया बिल्हा टीआई अवनीश पासवान ने बताया कि, घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने तत्काल घायल श्रमिकों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। प्लांट के वाहन टाटा पंच (क्रमांक सीजी10 बीयू 4351) से चालक पुष्कर भारद्वाज द्वारा चारों घायलों को बिलासपुर के प्रताप चौक स्थित कोर एंड केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिर उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल हादसे के बाद प्लांट में काम करने वाले मजदूरों के बीच दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा पिघले आयरन को सांचे में डालने के दौरान हुआ। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या सुरक्षा उपकरणों की कमी के चलते। इससे पहले भी जिले कई प्लांट में इस तरह के हादसे हो चुके हैं। मनोज राज 12 मार्च 2026