- ब्लैक स्पॉट का जमीनी निरीक्षण - तकनीकी सुधार के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया प्रतिवेदन बिलासपुर (ईएमएस)। सडक़ हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने जिले के दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का जमीनी निरीक्षण किया। पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सडक़ की स्थिति, मोड़ों की संरचना, प्रकाश व्यवस्था और यातायात संकेतकों का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद सुरक्षा सुधार के लिए विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित विभागों को भेजा गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने थाना तखतपुर क्षेत्र के ग्राम खपरी स्थित दैजा-बीजा मोड़, चौकी जूनापारा के ग्राम धौरा कछार, थाना कोटा क्षेत्र के अमने मोड़ तथा बेलगहना और केंदा पुलिस सहायता केंद्र के अंतर्गत आने वाले दुर्घटना संभावित स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर पर्याप्त संकेतक बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था और चेतावनी चिन्हों की कमी के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। यातायात पुलिस ने इस संबंध में लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे प्राधिकरण और ग्रामीण सडक़ योजना से जुड़े अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक तकनीकी सुधारों के लिए प्रतिवेदन तैयार किया है। ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने के निर्देश पुलिस ने इन स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, गति सीमा बोर्ड, अंधे मोड़ के संकेतक, कनेक्टिंग रोड संकेतक, रेडियम रिफ्लेक्टर, मल्टीपल ब्रेकर, ब्लिंकर, सुरक्षा पोलार्ड, रंबल स्ट्रिप और कैट आई जैसे सुरक्षा उपकरण तत्काल लगाने की सिफारिश की है। साथ ही संकीर्ण मार्गों और चौक-चौराहों को चौड़ा करने, अतिक्रमण हटाने तथा सडक़ किनारे पेड़ों की छंटाई कराने पर भी जोर दिया गया है। स्थानीय लोगों से भी ली जानकारी निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर दुर्घटनाओं के कारणों और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। इसके आधार पर तैयार रिपोर्ट संबंधित विभागों को भेजी गई है, ताकि जल्द सुधार कर दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके। यातायात पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें। मनोज राज 12 मार्च 2026