क्षेत्रीय
12-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। कविता चौपाटी द्वारा होली मिलन और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकारों ने लेखक राजेन्द्र मौर्य की पुस्तक हिन्दुस्तान की रामलीला पर विचार रखते हुए उसकी समीक्षा की। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार द्वारिका वैष्णव ने कहा कि राजेन्द्र मौर्य ने समाज में घटित उन घटनाओं पर व्यंग्यात्मक कटाक्ष करने का साहस दिखाया है, जिन पर अधिकांश रचनाकार लिखने से बचते हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे हास्य-व्यंग्य की विशेषता यह होती है कि वह हास्य से शुरू होकर व्यंग्य के माध्यम से समाज को झकझोरते हुए अंत में करुणा का भाव उत्पन्न करता है। वरिष्ठ व्यंग्यकार डॉ. गंगाधर पटेल ने पुस्तक की भाषा और शैली की सराहना करते हुए कहा कि राजेन्द्र मौर्य की भाषा तीखी लेकिन बोधगम्य है। उन्होंने अपनी रचना में राजनीति और सामाजिक ताने-बाने की सच्चाइयों का बेबाक चित्रण किया है। रचना की सत्यता और मजबूती पर भरोसा कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केवलकृष्ण पाठक ने कहा कि अपनी ही पुस्तक की सार्वजनिक समीक्षा को स्वीकार करना हर लेखक के बस की बात नहीं होती। इससे स्पष्ट है कि लेखक को अपनी रचना की सत्यता और मजबूती पर भरोसा है। कार्यक्रम की शुरुआत काव्य गोष्ठी से हुई, जिसमें आरती राय, राकेश अयोध्या, असरफी लाल सोनी, लेखनी जाधव, भरत मस्तूरिया सहित कई कवियों ने काव्य पाठ कर माहौल को साहित्यिक रंग से भर दिया। कार्यक्रम का संचालन सतीश पाण्डेय उद्यान और आभार प्रदर्शन मधु मौर्य ने किया। मनोज राज 11 मार्च 2026