नई दिल्ली (ईएमएस)। देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की कमी और कॉल सिस्टम पर बढ़ते दबाव के कारण उपभोक्ताओं को फोन कॉल से गैस बुकिंग कराने में दिक्कत हो रही है। कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें दिख रही हैं। हालांकि अब उपभोक्ता घर बैठे ही अन्य डिजिटल और वैकल्पिक तरीकों से आसानी से सिलेंडर बुक कर सकते हैं। आमतौर पर लोग फोन कॉल के जरिए एलपीजी सिलेंडर बुक करते हैं, लेकिन मौजूदा समय में कॉल लाइनों पर अधिक ट्रैफिक होने से बुकिंग में परेशानी आ रही है। इसके बाद व्हाट्सऐप, मिस्ड कॉल, एसएमएस और मोबाइल ऐप या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बुकिंग करना आसान विकल्प बन गया है। उपभोक्ता अपनी गैस कंपनी के व्हाट्सऐप नंबर पर मैसेज भेजकर सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इंडियन गैस के ग्राहक अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7588888824 पर “रिफिल” लिखकर मैसेज भेज सकते हैं। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम एचपी गैस के ग्राहक 9222201122 पर “हाय” या “बुक” लिखकर मैसेज कर सकते हैं। वहीं भारत गैस के ग्राहक 1800224344 पर “हाय” या “बुक” लिखकर बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा मिस्ड कॉल देकर भी गैस सिलेंडर बुक किया जा सकता है। इसके लिए कॉल रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से करना जरूरी है। इंडियन गैस के ग्राहक 8454955555 पर और एचपी गैस के ग्राहक 9493602222 पर मिस्ड कॉल देकर बुकिंग कर सकते हैं। इंटरनेट न होने पर एसएमएस के जरिए भी सिलेंडर बुक किया जा सकता है। इंडियन के ग्राहक 7718955555 पर “रिफिल” लिखकर एसएमएस भेज सकते हैं, जबकि भारत गैस के ग्राहक 7715012345 या 7718012345 पर “एलपीजी” लिखकर मैसेज भेज सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता गैस कंपनियों की आधिकारिक मोबाइल ऐप या सरकारी उमंग ऐप के जरिए भी बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल पेमेंट ऐप्स पर भी एलपीजी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। वहीं अगर सिलेंडर बुक होने के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं होती है, तब उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इंडियन और एचपी गैस के लिए 1800-2333-555 तथा भारत गैस के लिए 1800-22-4344 नंबर जारी किए गए हैं। इसके अलावा कंपनी की वेबसाइट या उंमग ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। आशीष दुबे /12 मार्च 2026