पोर्टल व सर्वर समस्या के चलते एलपीजी बुकिंग में आई तकनीकी समस्या का समाधान कर सुचारू होगी सप्लाई नर्मदापुरम (ईएमएस)। शासन द्वारा जारी एलपीजी (LPG) दिशा-निर्देशों के कड़ाई से पालन और एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार गुरुवार को अनुभाग स्तर पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) श्री जय सोलंकी की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट, जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO), और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी (JSO) सहित शहर की सभी गैस एजेंसियों के संचालक, प्रमुख होटल एवं रेस्टोरेंट मालिक तथा मैरिज हॉल संचालक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एसडीएम श्री जय सोलंकी ने शासन के निर्देशों को स्पष्ट करते हुए गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सख्त हिदायत दी। घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध: एसडीएम ने स्पष्ट किया कि कमर्शियल गैस की आपूर्ति बाधित होने के बहाने यदि कोई भी होटल, रेस्टोरेंट या ढाबा संचालक घरेलू (लाल) गैस सिलेंडर का उपयोग करते हुए पाया गया, तो संबंधित के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्यवाही (एफआईआर) की जाएगी। निर्देशों की अवहेलना करने पर होगी सख्त कार्यवाही: गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए है कि यदि उनके किसी हॉकर या वितरक की मिलीभगत से घरेलू सिलेंडरों का कमर्शियल डायवर्जन (कालाबाजारी) होते हुए पाया गया, तो संबंधित गैस एजेंसी का लाइसेंस तत्काल निरस्त करने का प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा जाएगा। बैठक के दौरान व्यवसायियों और गैस एजेंसियों ने प्रशासन के समक्ष कुछ व्यावहारिक चुनौतियां भी रखीं, जिनमें कानून व्यवस्था की स्थिति और होटलों में बिजली के उपयोग जैसी समस्याएं रखी। एसडीएम श्री जय सोलंकी ने सभी को आश्वस्त किया कि समस्त समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जायेगा। आम जनता से अपील - घबराएं नहीं, सभी को मिलेगी गैस: एसडीएम श्री जय सोलंकी ने शहर की आम जनता से विशेष अपील करते हुए कहा है कि गैस सप्लाई को लेकर बिल्कुल भी घबराहट न करें। सभी घरेलू उपभोक्ताओं को उनके गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। वर्तमान में बुकिंग और डिलीवरी में जो थोड़ी बहुत दिक्कतें आई थी, वह मुख्य रूप से बुकिंग पोर्टल और सर्वर डाउन होने के कारण थी। तकनीकी समस्या का समाधान कर वितरण व्यवस्था सुचारू की जाएगी। नागरिकों से अनुरोध है कि वे शांति बनाए रखें। ईएमएस/मोहने/ 12 मार्च 2026