क्षेत्रीय
13-Mar-2026
...


- कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियो की ली बैठक कोरबा। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग अचानक पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। आईजी श्री गर्ग ने कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियो से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने समीक्षा बैठक लेते हुए पुलिस अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग व यातायात व्यवस्था को दुरूस्त रखने दिशा-निर्देश जारी किए। बताया जा रहा है कि सीआईएसएफ की स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम में शामिल होने आईजी श्री गर्ग कोरबा पहुंचे थे। वे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय जा पहुंचे। उनके एकाएक पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने से महकमें में हड़कंप मच गया। संभावना जताई जा रही थी कि आईजी श्री गर्ग विभिन्न थाना चौकियों का औचक निरीक्षण करेंगे, लेकिन ऐसा कुछ नही हुआ। उन्होंने कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी लखन पटले व सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उनका फोकस यातायात व्यवस्था पर रही। आईजी श्री गर्ग ने जिले की ट्रैफिक व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कार्य योजना तैयार कर यातायात व्यवस्था को दुरूस्त रखने के निर्देश जारी किए। आईजी श्री गर्ग ने पुलिस अफसरों ने कानून व्यवस्था, लंबित अपराध और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की। इसके साथ ही बेहतर पुलिसिंग के निर्देश भी दिए। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा है कि पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील व अपराधियों के प्रति सख्त होना चाहिए। इसके अलावा अपराध नियंत्रण और त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को फील्ड में मुस्तैद रहने निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे आईजी श्री गर्ग ने कलेक्टर व पुलिस कप्तान से चर्चा उपरांत पत्रकारों से भी अनौपचारिक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कोरबा प्रवास को नियमित भ्रमण बताया। 13 मार्च / मित्तल