-पीएम मोदी ने ईरान के खिलाफ इजराइल-अमेरिका जंग से तेल-गैस संकट पर दी प्रतिक्रिया नई दिल्ली,(ईएमएस)। पीएम नरेंद्र मोदी ने ईरान के खिलाफ इजराइल-अमेरिका की संयुक्त लड़ाई के बाद आए वैश्विक संकट को लेकर प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए अपना एक वीडियो शेयर किया। जिसमें लिखा- आज युद्ध के चलते जो वैश्विक संकट बना है, उससे निपटने में भारत कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहा है। आजकल बहुत चर्चा एलपीजी को लेकर हो रही है। कुछ लोग हैं जो पैनिक क्रिएट करने की कोशिश कर रहे हैं, अपना एजेंडा चलाना चाहते हैं। मैं इस समय उन पर राजनीतिक टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि ऐसा करके वह जनता के सामने खुद तो एक्सपोज ही कर रहे हैं और देश का भी बड़ा नुकसान कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज युद्ध से जो ये वैश्विक संकट आया है, उसके प्रभाव से कोई देश अछूता नहीं है। कम या अधिक मात्रा में हर कोई शिकार है। भारत सरकार भी इस संकट से निपटने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। हम अलग-अलग स्तरों पर कोशिश कर रहे हैं। बीते दिनों दुनिया के कई देशों के शीर्ष नेताओं से मेरी बातचीत हुई है। सप्लाई चेन में जो बाधाएं आई हैं, उनसे हम कैसे पार पाएं, इसके लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इस वैश्विक संकट ने एक बार फिर दिखाया है कि किसी भी देश का आत्मनिर्भर होना इतना ज्यादा जरूरी क्यों है। इसलिए ही बीते सालों में हमने भारत को एनर्जी सेक्टर्स में आत्मनिर्भर बनाने के लिए होलिस्टिक तरीके से काम किया है। उन्होंने यह भी दोहराया कि हम इस वैश्विक संकट को भी पार कर लेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा कि मैं फिर दोहराउंगा जहां तक सरकार का प्रश्न है, हम किसी भी प्रकार के प्रयत्न या प्रयास में कोई कमी नहीं आने देंगे। हमारे हर फैसले में जनता का हित सर्वोपरि रहेगा। सिराज/ईएमएस 13मार्च26