अंतर्राष्ट्रीय
14-Mar-2026
...


-ईरान के इस अभूतपूर्व प्रतिरोध के पीछे एक व्यक्ति की दूरदर्शिता और अनूठी सैन्य रणनीति तेहरान,(ईएमएस)। अमेरिका ने इजराइल ने ईरान के खिलाफ ऑपरेशन एपिक फ्यूरी लॉन्च किया था। इसमें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई और आईआरजीसी के शीर्ष जनरल नेता की मौत हो गई थी। इस घटना ने 2003 के इराक आक्रमण की यादें ताजा कर दीं। 2003 में सद्दाम हुसैन का सैन्य ढांचा ताश के पत्तों की तरह ढह गया था। हालांकि अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले के 14 दिन बीत जाने के बाद भी ईरान मैदान में डटा हुआ है, बल्कि पूरे मिडिल ईस्ट में घातक पलटवार कर रहा है। ईरान के इस अभूतपूर्व प्रतिरोध के पीछे एक व्यक्ति की दूरदर्शिता और उनकी अनूठी सैन्य रणनीति है। उनका नाम है मेजर जनरल मोहम्मद अली जाफरी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जनरल जाफरी ने 2003 में इराक पर अमेरिकी आक्रमण का बारीकी से अध्ययन किया था। उन्होंने पाया कि इराकी सेना की सबसे बड़ी कमजोरी उसका अत्यधिक केंद्रीकृत कमान था। सद्दाम हुसैन के आदेश के बिना इराकी कमांडर एक कदम भी नहीं हिल सकते थे। जैसे ही बगदाद से संपर्क टूटा, पूरी सेना पंगु हो गई। जाफरी ने संकल्प लिया कि ईरान इस गलती को नहीं दोहराएगा। उन्होंने 2005 में आईआरजीसी के रणनीतिक अध्ययन केंद्र के निदेशक के रूप में एक ऐसा ढांचा तैयार किया, जो अंतिम सांस तक लड़ता रहे। मोजेक डिफेंस का सीधा अर्थ है, सेना को छोटे-छोटे स्वतंत्र टुकड़ों में बांट देना। जाफरी ने आईआरजीसी को ईरान के 31 प्रांतों के आधार पर 31 अर्ध-स्वायत्त कमानों में पुनर्गठित किया। प्रत्येक प्रांत की अपनी स्वतंत्र मुख्यालय, संचार प्रणाली, मिसाइल और ड्रोन भंडार और खुफिया संपत्तियां हैं। इन प्रांतीय कमांडरों को मिशन के निर्देश दिए गए हैं। इसका मतलब है कि यदि तेहरान के साथ संपर्क टूट जाए या केंद्रीय नेतृत्व खत्म हो जाए तो भी वे पहले से तय योजना के मुताबिक स्वतंत्र रूप से युद्ध जारी रख सकते हैं। ईरान की भौगोलिक स्थिति ऊंचे पहाड़ और विशाल आंतरिक हिस्से का उपयोग करते हुए, यह रणनीति हमलावर सेना को एक लंबे और थका देने वाले युद्ध में फंसाने के लिए बनाई गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार तक के घटनाक्रम ने साबित कर दिया है कि जाफरी का ऑटोपायलट मॉडल काम कर रहा है। हालांकि अमेरिका ने ईरान के रक्षा मंत्री, सशस्त्र बल प्रमुख और आईआरजीसी के शीर्ष कमांडरों को मार गिराया है, लेकिन ईरान की जवाबी कार्रवाई में कोई कमी नहीं आई। नेतृत्व के खात्मे के कुछ ही घंटों के अंदर, बहरीन, कतर, यूएई और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों की बौछार कर दी गई। ईरान के प्रांतीय कमांडरों ने स्वतंत्र रूप से काम करते हुए इजराइल और खाड़ी देशों के बुनियादी ढांचे जैसे कि तेल रिफाइनरी, समुद्री टर्मिनल और अलवणीकरण संयंत्र को निशाना बनाया। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन तटस्थ देशों से माफी मांग रहे हैं, जमीन पर आईआरजीसी की इकाइयां अपनी पूर्व-निर्धारित विनाशकारी योजना पर टिकी हुई हैं। मोजेक डिफेंस ईरान को शायद यह युद्ध न जिता पाए, लेकिन यह उसकी हार को नामुमकिन बनाता है। यह रणनीति दुश्मन को एक ऐसी स्थिति में धकेल देती है जहां वह यह नहीं समझ पाता कि युद्ध किससे और कहां खत्म करना है, क्योंकि वहां कोई एक सेंट्रल स्विच नहीं है जिसे बंद करके शांति स्थापित की जा सके। जाफरी ने अध्ययन किया कि केंद्रीकृत सेनाएं कैसे मरती हैं। उन्होंने एक ऐसी सेना बनाई जो मर ही नहीं सकती। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान का मोजेक डिफेंस आधुनिक सैन्य विज्ञान के लिए एक सबक है। इसने दिखाया है कि तकनीक और मारक क्षमता के मामले में श्रेष्ठ होने के बावजूद एक विकेंद्रीकृत और वैचारिक रूप से दृढ़ इच्छाशक्ति वाली रक्षा प्रणाली को तोड़ना कितना कठिन है। जनरल जाफरी ने जो बीज 2005 में बोया था, वह आज 2026 में ईरान के अस्तित्व की रक्षा कर रहा है। भले ही इसके लिए पूरे क्षेत्र को भारी कीमत चुकानी पड़ रही हो। सिराज/ईएमएस 14 मार्च 2026