क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


जांजगीर(ईएमएस)। जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बम्हनीडीह क्षेत्र में रेत से भरे तीन हाइवा वाहनों को पकड़ा गया। यह कार्रवाई राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने की। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए हाइवा वाहनों को बम्हनीडीह थाना में सुपुर्द कर दिया गया है और संबंधित मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कुल 591 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में अब तक 1 करोड़ 67 लाख 32 हजार 540 रुपये की वसूली कर खनिज मद में जमा कराए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अवैध उत्खननकर्ताओं, परिवहनकर्ताओं और भंडारणकर्ताओं के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मार्च 2026