क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


जांजगीर(ईएमएस)। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जांजगीर में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं और शैक्षणिक संसाधनों में कई खामियां पाई गईं। इस पर कलेक्टर ने प्राचार्य को फटकार लगाते हुए तीन दिन के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अचानक हुए निरीक्षण से स्कूल में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं का जायजा लिया, जहां कई कमरों में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं थी और छात्रों की बैठने की व्यवस्था भी ठीक नहीं पाई गई। कुछ कक्षाओं में अध्यापन सामग्री भी अधूरी मिली। इसके अलावा स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब और विज्ञान प्रयोगशालाओं के निरीक्षण में कई उपकरण खराब या अनुपलब्ध पाए गए। कलेक्टर ने कहा कि छात्रों को व्यावहारिक शिक्षा देने के लिए लैब का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए और स्मार्ट क्लास व कंप्यूटर शिक्षा का संचालन भी प्रभावी तरीके से किया जाए। कलेक्टर ने स्कूल में पेयजल व्यवस्था की जांच के लिए वाटर कूलर का पानी भी पीकर देखा। कूलर के आसपास गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई कराने और सोकपिट बनाने के निर्देश दिए। बालिका शौचालय की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली, जिसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने को कहा गया। स्कूल में लगी सेनेटरी नैपकिन मशीन भी सही तरीके से संचालित नहीं हो रही थी, जिसे तुरंत चालू कराने के निर्देश दिए गए। लाइब्रेरी निरीक्षण के दौरान किताबें बिखरी हुई पाई गईं और पुस्तकों की सूची अपडेट नहीं थी। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि सभी पुस्तकों को कंप्यूटरीकृत तरीके से व्यवस्थित किया जाए। इसके साथ ही स्पोर्ट्स कक्ष, म्यूजिक रूम, जिम और रोबोटिक लैब का भी निरीक्षण किया गया, जहां खेल सामग्री पर्याप्त नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान कई रजिस्टर अपडेट नहीं पाए गए और कुछ कमरों की दीवारें व फर्नीचर भी खराब मिले। कलेक्टर ने स्कूल प्रबंधन को तीन दिन के भीतर सफाई, पानी, शौचालय, लाइब्रेरी, लैब और खेल कक्ष सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना स्कूल की जिम्मेदारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मार्च 2026