- कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन रायगढ़(ईएमएस)। भारतीय युवा कांग्रेस ने घरघोड़ा ब्लॉक के कुरकुट नदी क्षेत्र में दो हाथी शिशुओं की मौत के मामले को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जिला अध्यक्ष उस्मान बेग के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और घटना पर चिंता जताई। जानकारी के अनुसार घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के कुरकुट नदी के सोपानी क्षेत्र में दो हाथी शिशु मृत पाए गए थे, जिससे इलाके में चिंता का माहौल बन गया था। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया था, लेकिन बाद में जांच में सामने आया कि खेतों की सिंचाई के लिए नदी में मोटर लगाई गई थी, जिससे पानी में करंट फैल गया और उसकी चपेट में आने से दोनों हाथी शिशुओं की मौत हो गई। उस्मान बेग ने कहा कि जंगलों की लगातार कटाई और उद्योगों व खदानों के विस्तार के कारण हाथी अपने पारंपरिक मार्गों से भटककर गांवों और खेतों की ओर आ रहे हैं। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। ज्ञापन में कुरकुट नदी में हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराने, जिले में पहले हुई हाथियों की मौत की घटनाओं की समग्र जांच कराने और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में अवैध करंट व फेंसिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की गई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मार्च 2026